Last Updated on November 4, 2024 18:21, PM by Pawan
Share Market Today: शेयर बाजार में आज 4 नवंबर को मंदी का माहौल छाया रहा। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही इंडेक्स में 1% से अधिक की गिरावट देखी गई। बीएसई के स्मॉलकैप और मिडकैप इंडेक्स भी 1.5% तक लुढ़क गए। इसके चलते निवेशकों को आज करीब 4.10 लाख करोड़ का घाटा हुआ। सभी सेक्टोरल भी लाल निशान में बंद हुए। सबसे अधिक गिरावट रियल्टी, ऑयल एंड गैस, एनर्जी, यूटिलिटी और पावर शेयरों में देखने को मिली। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों से पहले निवेशकों ने जमकर मुनाफावसूली की। इसके अलावा सितंबर तिमाही के कमजोर नतीजों के चलते भी बाजार का सेंटीमेंट कमजोर रहा।
इस गिरावट के साथ ही निफ्टी अब अपने ऑल टाइम हाई से करीब 10 प्रतिशत नीचे आ गया है और इसने अपने 5-महीने के निचले स्तर को भी छू लिया है। कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 941.88 अंक या 1,18 फीसदी की गिरावट के साथ 78,782.24 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स, निफ्टी 309 अंक या 1.27 फीसदी की लुढ़ककर 23,995.35 के स्तर पर बंद हुआ।
निवेशकों के ₹4.10 लाख करोड़ डूबे
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 1 नवंबर को घटकर 442 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी शुक्रवार 1 नवंबर को 448.10 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 4.10 लाख करोड़ रुपये घटा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 4.10 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।
सेंसेक्स के 5 सबसे ज्यादा चढ़ने वाले शेयर
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 6 शेयर आज हरे निशान में हुए। इसमें महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) के शेयरों में 2 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद टेक महिंद्रा (Tech Mahindra), स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), एचसीएल टेक (HCL Tech) और इंफोसिस (Infosys) के शेयर 0.19 फीसदी से लेकर 1.94 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के 5 सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयर
वहीं सेंसेक्स के बाकी 24 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports) का शेयर 3.23 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL), सन फार्मा (Sun Pharma), एनटीपीसी (NTPC) और बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserv) के शेयरों में 2.44 फीसदी से 2.77% तक की गिरावट देखी गई।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या रहा हाल, इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
2,708 शेयरों में रही गिरावट
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,199 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,356 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,708 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 135 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 200 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 32 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।
