Uncategorized

घरेलू वेज थाली अक्टूबर में 17% सस्ती हुई: आलू-प्याज और टमाटर के दाम घटने का असर, नॉन-वेज थाली की कीमत भी 12% घटी

घरेलू वेज थाली अक्टूबर में 17% सस्ती हुई:  आलू-प्याज और टमाटर के दाम घटने का असर, नॉन-वेज थाली की कीमत भी 12% घटी

Last Updated on November 9, 2025 18:26, PM by Pawan

 

भारत में एक घरेलू वेजिटेरियन थाली की कीमत अक्टूबर में (सालाना आधार पर) 17% घटकर 27.8 रुपए पर आ गई है। पिछले साल अक्टूबर-2024 में वेज थाली की कीमत 33.3 रुपए थी। कैपिटल मार्केट कंपनी क्रिसिल ने अपने फूड प्लेट कॉस्ट के मंथली इंडिकेटर में इस बात की जानकारी दी।

 

क्रिसिल ने अपनी राइस रोटी रेट (RRR) रिपोर्ट में बताया कि वेजिटेरियन थाली की कीमत सितंबर की तुलना में अक्टूबर में 1% घटी है। सितंबर में वेज थाली की कीमत 28.1 रुपए थी।

नॉन-वेज थाली भी 12% सस्ती हुई

वहीं, नॉन-वेज थाली की कीमत अक्टूबर में सालाना आधार पर 12% घटकर 54.4 रुपए पर आ गई है। पिछले साल अक्टूबर-2024 में नॉन वेज थाली की कीमत 61.6 रुपए थी।

मंथली बेसिस पर यानी सितंबर की तुलना में अक्टूबर में नॉन-वेज थाली की कीमत 3% घटी है। सितंबर में नॉन-वेज थाली की कीमत 56 रुपए थी।

एक साल में इस तरह घटी-बढ़ी वेज और नॉन-वेज थाली की कीमत

महीना वेज थाली नॉन वेज थाली
अक्टूबर 2024 33.3 61.6
नवंबर 2024 32.7 61.5
दिसंबर 2024 31.6 63.3
जनवरी 2025 28.7 60.6
फरवरी 2025 27.2 57.4
मार्च 2025 26.6 54.8
अप्रैल 2025 26.3 53.9
मई 2025 26.2 52.6
जून 2025 27.1 54.8
जुलाई 2025 28.1 53.5
अगस्त 2025 29.1 54.6
सितंबर 2025 28.1 56.0
अक्टूबर 2025 27.8 54.4
मंथली चेंज (-1%) मंथली चेंज (-3%)
ईयरली चेंज (-17%) ईयरली चेंज (-12%)

सोर्स- क्रिसिल

आलू, प्याज और टमाटर सस्ते होने से वेज थाली के दाम घटे

क्रिसिल की रिपोर्ट के मुताबिक, आलू, प्याज, टमाटर और दालों के दाम घटने के चलते वेज थाली की कॉस्ट घटी है। टमाटर की कीमत सालाना आधार पर 40%, प्याज के दाम 51% और आलू के भाव 31% घटे हैं।

वहीं दालों की कीमत में भी 17% की गिरावट आई है। इन कारणों से वेज थाली की कीमत घटी है। वेज थाली की कॉस्ट में आलू और टमाटर की 24% हिस्सेदारी होती है।

चिकन के प्राइस गिरने से नॉन वेज थाली की कीमत घटी​

नॉन वेज थाली की कीमत में ये कमी ब्रॉयलर्स यानी चिकन के प्राइस में सालाना आधार पर 6% की गिरावट के चलते आई है। नॉन-वेज थाली की लागत में ब्रॉयलर की 50% हिस्सेदारी होती है।

वहीं, सालाना आधार पर वेजिटेबल ऑयल की कीमत 11% और LPG सिलेंडर की कीमत 6% बढ़ी है, नहीं तो दोनों थाली और भी सस्ती हो सकती थीं।

ऐसे कैलकुलेट होती है थाली की एवरेज कॉस्ट

  • क्रिसिल ने नॉर्थ, साउथ, ईस्ट और वेस्ट इंडिया में मौजूदा फूड कीमतों के आधार पर घर में थाली तैयार करने की एवरेज कॉस्ट कैलकुलेट की है। मंथली चेंज से आम आदमी के खर्च पर असर पड़ता है।
  • क्रिसिल के डेटा से अनाज, दालें, ब्रॉयलर्स (चिकन), सब्जियां, मसाले, एडिबल ऑयल और कुकिंग गैस सहित उन सामग्रियों का भी पता चलता है, जो थाली की कीमत में बदलाव लाते हैं।
  • वेज थाली में रोटी, सब्जियां (प्याज, टमाटर और आलू), चावल, दाल, दही और सलाद शामिल होता है। वहीं नॉन-वेज थाली के लिए दाल की जगह चिकन को शामिल किया गया है।

नोट- ऊपर दिए गए आंकड़े घर पर तैयार की गई प्रति थाली की लागत को दर्शाते हैं। यह थाली की रिटेल प्राइस नहीं है, जिसमें ओवरहेड कॉस्ट, स्टाफ एक्सपेंसेस और प्रॉफिट मार्जिन शामिल होता है।

 

Source link

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular

To Top