Last Updated on October 23, 2025 17:03, PM by Pawan
भारतीय रिजर्व बैंक के पास सोने का भंडार 2025-26 के पहले छह महीनों (अप्रैल-सितंबर) में 880.18 मीट्रिक टन (8,80,180 kg) के पार हो गया है। 2024-25 के आखिर में यह 879.58 मीट्रिक टन था। 26 सितंबर तक सोने की कुल कीमत 95 बिलियन डॉलर (8.4 लाख करोड़ रुपए) थी। यह जानकारी RBI की लेटेस्ट रिपोर्ट में सामने आई है।
सितंबर तक के छह महीनों में RBI ने अपने स्टॉक में 0.6 मीट्रिक टन (600 किलो) सोना जोड़ा। सितंबर में 0.2 मीट्रिक टन (200 किलो) और जून में 0.4 मीट्रिक टन (400 किलो) सोना खरीदा गया। 2024-25 में RBI ने 54.13 मीट्रिक टन सोना अपने खजाने में जोड़ा था।
दुनियाभर में अनिश्चितताओं के चलते मांग-कीमतें बढ़ीं
RBI ने अपने लेटेस्ट बुलेटिन में कहा कि ग्लोबल और जियो-पॉलिटिकल अनिश्चितताओं के कारण सोने की मांग काफी तेजी से बढ़ी। क्योंकि, दुनियाभर के देशों के सेंट्रल बैंक और निवेशक इसे सुरक्षित संपत्ति के तौर पर खरीद रहे हैं। मांग और खरीद बढ़ने से कीमतें ग्लोबल और घरेलू मार्केट में भी बढ़ीं।
इस दौरान दुनियाभर में सेंट्रल बैंकों ने 166 टन सोना अपने ऑफिशियल भंडार में जोड़ा, जिससे इसकी मांग और बढ़ी। जिसके चलते सोने की कीमतें तीसरी तिमाही में ऊंची रहीं और सितंबर में अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गईं।
इस साल सोना ₹47,745 और चांदी ₹66,484 महंगी हुई
इस साल अब तक सोने की कीमत 47,745 रुपए बढ़ी है। 31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 76,162 रुपए का था, जो अब 1,23,907 रुपए हो गया है।
चांदी का भाव भी इस दौरान 66,484 रुपए बढ़ गया है। 31 दिसंबर 2024 को एक किलो चांदी की कीमत 86,017 रुपए थी, जो अब 1,52,501 रुपए प्रति किलो हो गई है।
