Last Updated on October 13, 2025 20:10, PM by Pawan
HCLTech Q2 results: देश की तीसरी सबसे बड़ी IT कंपनी HCLTech ने 13 अक्टूबर को सितंबर तिमाही (Q2 FY26) के नतीजे जारी किए। कंपनी का नेट प्रॉफिट ₹4,235 करोड़ रहा, जो पिछले साल की इसी तिमाही के मुकाबले लगभग वही रहा। HCLTech ने ₹12 प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है।
आईटी कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 11% बढ़कर ₹31,942 करोड़ हो गया। एक साल पहले यह ₹28,862 करोड़ था। तिमाही आधार पर रेवेन्यू में 5.2% की बढ़ोतरी हुई और नेट प्रॉफिट 10.17% बढ़ा। ऑपरेटिंग मार्जिन 17.5% रहा, जो पिछले तिमाही के मुकाबले 1.2% बढ़ा। HCLTech ने FY26 के लिए अपनी रेवेन्यू ग्रोथ गाइडेंस 3-5% सालाना और EBIT/ऑपरेटिंग मार्जिन 17-18% की रेंज में बनाए रखी है।
कर्मचारियों की संख्या बढ़ी
नोएडा मुख्यालय वाली HCLTech ने सितंबर तिमाही में 3,489 नए कर्मचारियों को जोड़ा। इससे कुल स्टाफ संख्या 2,26,640 हो गई। इसके अलावा, 5,196 नए फ्रेशर्स भी भर्ती किए गए। नई डील्स (TCV) इस तिमाही में $2.56 बिलियन रही। यह तिमाही आधार पर 41.8% और सालाना आधार पर 15.8% बढ़ी।
मैनेजमेंट का बयान
HCLTech के CEO और MD C विजयकुमार ने कहा, ‘यह तिमाही हर मोर्चे पर शानदार रही। हमारी AI से जुड़ी सर्विसेज की मांग बढ़ी। Advanced AI से इस तिमाही में $100 मिलियन से ज्यादा का रेवेन्यू आया। नई बुकिंग्स $2.5 बिलियन से ऊपर गईं, बिना किसी मेगा-डील पर निर्भर हुए। हमने 3,489 लोगों को जोड़ा और प्रति कर्मचारी रेवेन्यू 1.8% बढ़ा, जो हमारी AI ग्रोथ स्ट्रैटेजी के अनुसार है।’
HCLTech के शेयर
HCLTech के नतीजों के ऐलान से पहले 13 अक्टूबर को शेयर NSE पर ₹1,494 पर लगभग फ्लैट बंद हुए। इसने पिछले 6 महीने में 4.74% का रिटर्न दिया है। हालांकि, बीते 1 साल में स्टॉक 19.49% गिरा है। इस साल यानी 2025 में इसने अब तक 21.85% का नेगेटिव रिटर्न दिया है। HCLTech का मार्केट कैप 4.05 लाख करोड़ रुपये है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। हमारी तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।
