Tata Power Q4FY25: टाटा ग्रुप की दिग्गज कंपनी टाटा पावर कंपनी लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही में ₹1,042.83 करोड़ का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट दर्ज किया है। यह सालाना आधार पर 8.3% की वृद्धि है। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी का शुद्ध लाभ ₹895.21 करोड़ रहा था।
चौथी तिमाही में कंपनी की ऑपरेटिंग रेवेन्यू (Revenue from Operations) बढ़कर ₹17,095.88 करोड़ पहुंच गई, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में ₹15,846.58 करोड़ थी। यह लगभग 7.9% की ग्रोथ है। तिमाही आधार पर कंपनी का PAT 1.2% बढ़ा है, जबकि आय में 11.1% की वृद्धि देखी गई। दिसंबर तिमाही (Q3FY25) में PAT ₹1,030.70 करोड़ और रेवेन्यू ₹15,391.06 करोड़ था।
कंपनी के मुताबिक, EBITDA इस तिमाही में 14% की बढ़त के साथ ₹3,829 करोड़ पर पहुंच गया, जो पिछले साल की इसी अवधि में ₹3,358 करोड़ था। टाटा पावर ने बताया कि यह प्रदर्शन मुख्य रूप से पावर जेनरेशन, ट्रांसमिशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन (T&D), और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे कोर बिजनेस सेगमेंट्स की मजबूत ग्रोथ के कारण मुमकिन हुआ है।
₹5,000 करोड़ के पार मुनाफा
टाटा पावर के CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. प्रवीर सिन्हा ने कहा, “FY25 हमारे लिए ऐतिहासिक रहा है। हमने पहली बार सालाना आधार पर ₹5,000 करोड़ से अधिक का शुद्ध लाभ हासिल किया है। यह उपलब्धि सभी प्रमुख व्यवसायों के योगदान से संभव हो सकी है।”
उन्होंने बताया कि कंपनी ने लगातार 22वीं तिमाही में लाभ में वृद्धि दर्ज की है। FY25 में पहली बार 1 GW से अधिक की रिन्यूएबल कैपेसिटी जोड़ी गई और अगले साल 2 GW का लक्ष्य है। रूफटॉप सोलर सेगमेंट में 1.5 लाख से अधिक इंस्टॉलेशन पूरे हुए, जिसकी कुल क्षमता 3 GW पहुंची।
डिविडेंड का ऐलान
टाटा पावर के निदेशक मंडल ने FY25 के लिए ₹2.25 प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड का प्रस्ताव दिया है। इसका रिकॉर्ड डेट 20 जून 2025 तय किया गया है। डिविडेंड को 4 जुलाई 2025 को आयोजित होने वाली कंपनी की 106वीं वार्षिक आम बैठक में शेयरधारकों की मंजूरी के बाद वितरित किया जाएगा।
टाटा पावर के शेयरों का हाल
टाटा पावर का शेयर तिमाही नतीजों के ऐलान से पहले बुधवार (14 मई) को 2.25% बढ़त के साथ 398.05 रुपये पर बंद हुआ। पिछले 1 महीने के दौरान शेयर 5.17% बढ़ा है। हालांकि, बीते एक साल में यह 7.51% नीचे आया है।
