Last Updated on April 26, 2025 7:51, AM by
देश की टॉप 5 IT कंपनियों में से से 4 के कर्मचारियों की संख्या में वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान बढ़ोतरी हुई। ये 4 कंपनियां TCS, विप्रो, इंफोसिस और टेक महिंद्रा हैं। वहीं HCL टेक्नोलोजिज के कर्मचारियों की संख्या में गिरावट आई। इससे पहले वित्त वर्ष 2024 में, इन आईटी कंपनियों ने मांग में अनिश्चितता के बीच कर्मचारियों की संख्या में लगभग 70,000 की कटौती की थी। इसकी वजह थी क्लांइट चुनौतीपूर्ण मैक्रो एनवायरमेंट में तकनीकी खर्च में कटौती कर रहे थे या देरी कर रहे थे।
दिलचस्प बात यह है कि इनमें से ज्यादातर चिंताएं अभी भी बनी हुई हैं, साथ ही अमेरिका के नए रेसिप्रोकल टैरिफ भी अतिरिक्त चिंता है। हालांकि, आईटी कंपनियों के सीईओ उम्मीद कर रहे हैं कि यह एक शॉर्ट टर्म अनिश्चितता है, जो आखिरकार खत्म हो जाएगी और मांग फिर से बढ़ेगी।
किस कंपनी ने कितने कर्मचारी जोड़े
वित्त वर्ष 2025 में देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने 6,433 कर्मचारियों को अपने साथ जोड़ा। वहीं इंफोसिस के कर्मचारियों की संख्या में 6,338, विप्रो के कर्मचारियों की संख्या में 732 और टेक महिंद्रा के कर्मचारियों की संख्या में 3,276 की बढ़ोतरी हुई। इसके उलट HCL टेक्नोलोजिज ने वित्त वर्ष में 2025 के दौरान 4,061 कर्मचारियों की गिरावट देखी।
फ्रेशर्स की हायरिंग कैसी रही
इनमें से अधिकांश कंपनियों ने वित्त वर्ष 2025 में अपने फ्रेशर हायरिंग लक्ष्यों को भी पूरा किया। TCS ने वित्त वर्ष 2025 के लिए अपने फ्रेशर हायरिंग लक्ष्य को थोड़ा पार कर लिया। लक्ष्य 40,000 फ्रेशर्स की हायरिंग का था और कंपनी ने 42,000 फ्रेशर्स को हायर किया। वित्त वर्ष 2026 के लिए, कंपनी को उम्मीद है कि वह वित्त वर्ष 2025 के समान संख्या में या इससे ज्यादा हायरिंग करेगी।
इंफोसिस ने वित्त वर्ष 2026 में 20,000 से अधिक फ्रेशर्स को नियुक्त करने का लक्ष्य रखा है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025 में 15,000-20,000 नए टैलेंट को जोड़ने का अपना लक्ष्य पूरा कर लिया है। एचसीएलटेक ने वित्त वर्ष 2025 में 7,829 फ्रेशर्स की हायरिंग की। पूरे वित्त वर्ष 2026 के लिए एचसीएलटेक ने कोई हायरिंग टारगेट नहीं दिया है, लेकिन उसकी हर तिमाही में लगभग 2,000 कैंपस हायरिंग की योजना है।
विप्रो ने वित्त वर्ष 2025 में 10,000 फ्रेशर्स को नियुक्त किया। इसका पूरे साल का लक्ष्य 10,000-12,000 फ्रेशर्स को नियुक्त करने का था। वित्त वर्ष 2026 में विप्रो को कैंपस से इतनी ही संख्या में नए लोगों की हायरिंग की उम्मीद है, लेकिन मौजूदा मैक्रोइकॉनोमिक अनिश्चितताओं को देखते हुए कंपनी वर्तमान कारोबारी माहौल को ध्यान में रखते हुए कोई फैसला लेगी।
टेक महिंद्रा ने वित्त वर्ष 2025 में कैंपस से 6,100 कर्मचारियों को एड किया। लक्ष्य 6,000 हायरिंग का था। कंपनी ने कहा कि वित्त वर्ष 2026 के लिए हायरिंग डिमांड आउटलुक पर निर्भर करेगी।