Last Updated on March 19, 2025 19:21, PM by
Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों में आज 19 मार्च को लगातार तीसरे दिन तेजी का बोलबाला रहा। सेंसेक्स 148 अंक बढ़कर बंद हुआ। वहीं निफ्टी उछलकर 22900 के पार पहुंच गया। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में तो इससे भी जोरदार तेजी देखने को मिली। बीएसई मिडकैप और बीएसई स्मॉलकैप दोनों इंडेक्स 2 फीसदी से अधिक बढ़कर बंद हुए। इसके चलते निवेशकों को आज शेयर बाजार में करीब 5 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ। FMCG और आईटी को छोड़कर बाकी सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी हरे निशान में बंद हुए। निवेशकों की नजरें अब अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक के नतीजों पर टिकी है, जिसके आज देर रात आने की उम्मीद है।
निवेशकों ने ₹5.1 लाख करोड़ कमाए
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 18 मार्च को बढ़कर 404.95 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार 17 मार्च को 399.85 करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 5.1 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 5.1 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 17 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें टाटा स्टील (Tata Steel) के शेयरों में 2.49 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद जोमैटो (Zomato), पावर ग्रिड (Power Grid), अल्ट्राटेक सीमेंट (Ultratech Cement) और इंडसइंड बैंक (IndusInd Bank) के शेयर 1.51 फीसदी से लेकर 2.45 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक गिरावट
वहीं सेंसेक्स के सिर्फ 13 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें भी टेक महिंद्रा (Tech Mahindra) का शेयर 2.28 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं आईटीसी (ITC), टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), इंफोसिस (Infosys) और सन फार्मा (Sun Pharma) के शेयरों में 1.07 फीसदी से लेकर 1.51% तक की गिरावट देखी गई।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
3,012 शेयरों में रही तेजी
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,166 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 3,012 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 1,038 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 116 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 81 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 154 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
