Last Updated on October 27, 2025 19:21, PM by Pawan
Sona BLW Q2 Results: ऑटो कंपोनेंट्स बनाने वाली कंपनी Sona BLW Precision Forgings Ltd (Sona Comstar) ने सोमवार (27 अक्टूबर) को सितंबर तिमाही (Q2 FY26) के वित्तीय नतीजों का ऐलान किया। कंपनी ने अपनी अब तक की सबसे मजबूत तिमाही दर्ज की है। इस दौरान उसका नेट प्रॉफिट ₹173 करोड़ रहा, जो CNBC-TV18 के ₹161 करोड़ के अनुमान से ज्यादा है।
कंपनी का रेवेन्यू ₹1,138 करोड़ रहा, जबकि अनुमान ₹1,087 करोड़ था। EBITDA ₹283.6 करोड़ रहा, जो उम्मीद के ₹260 करोड़ से बेहतर है। ऑपरेटिंग मार्जिन भी बढ़कर 24.9% रहा, जो 23.9% के अनुमान से ज्यादा है।
सालाना आधार पर प्रदर्शन
पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट ₹152 करोड़ था, जो अब 20% बढ़कर ₹173 करोड़ हो गया। रेवेन्यू 23.4% बढ़कर ₹922 करोड़ से ₹1,138 करोड़ पहुंच गया। वहीं, EBITDA में 12.6% की बढ़त हुई और यह ₹251.9 करोड़ से बढ़कर ₹283.6 करोड़ हो गया। हालांकि, मार्जिन थोड़ा घटकर 27.3% से 24.9% रह गया है।
EV बिजनेस का योगदान बढ़ा
Sona BLW की Battery Electric Vehicles (BEV) से होने वाली कमाई सितंबर तिमाही में कुल रेवेन्यू का 32% रही। कंपनी ने इलेक्ट्रिक व्हीकल्स के लिए रेयर-अर्थ-फ्री मोटर्स विकसित और टेस्ट की हैं।
इनमें फेराइट-असिस्टेड सिंक्रोनस रिलक्टेंस मोटर्स शामिल हैं, जो इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर और लाइट कमर्शियल व्हीकल्स में इस्तेमाल होंगी। इसके अलावा, कंपनी ने इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स के लिए हल्की रेयर-अर्थ मैग्नेट मोटर्स भी तैयार की हैं।
पहली छमाही (H1 FY26) का प्रदर्शन
FY26 की पहली छमाही में Sona BLW का रेवेन्यू ₹1,994 करोड़ रहा। यह सालाना आधार पर 10% ज्यादा है। EBITDA ₹492 करोड़ रहा, जिसमें 24.6% मार्जिन रहा। PAT ₹297 करोड़ दर्ज हुआ, जिसमें नेट प्रॉफिट मार्जिन 14.6% रहा। इसमें 4% सालाना बढ़त दर्ज की गई। Sona BLW की कुल ऑर्डर बुक ₹23,600 करोड़ की रही, जिसमें से 70% हिस्सा EV प्रोजेक्ट्स का है।
हालांकि, BEV से रेवेन्यू में 21% की गिरावट आई और यह ₹475 करोड़ रहा, जो कुल रेवेन्यू का 30% है। इस दौरान कंपनी ने चार नए EV प्रोग्राम्स जोड़े, जिससे अब इसके पास 62 प्रोग्राम्स और 32 ग्राहक हैं।
नए ऑर्डर और प्रोजेक्ट्स
Sona BLW को मेक्सिको प्लांट के लिए पहला ऑर्डर मिला है, जिसके तहत वह नॉर्थ अमेरिकन ऑटोमेकर को ऑफ-हाईवे व्हीकल्स के लिए डिफरेंशियल असेंबली सप्लाई करेगी। यह ऑर्डर बुक में ₹260 करोड़ (₹2.6 बिलियन) का इजाफा करेगा और इसका प्रोडक्शन Q2 FY28 में शुरू होगा।
इसके अलावा, कंपनी को ₹820 करोड़ (₹8.2 बिलियन) के दो और नए प्रोजेक्ट मिले हैं। इसमें कंपनी एक्टिव सस्पेंशन सिस्टम्स के लिए इंटीग्रेटेड मोटर कंट्रोलर मॉड्यूल्स सप्लाई करेगी। इनका प्रोडक्शन Q2 FY27 में शुरू होने की उम्मीद है।
Neura Robotics के साथ साझेदारी
Sona Comstar ने जर्मनी की Neura Robotics के साथ एक समझौता किया है। इसके तहत दोनों कंपनियां रोबोटिक्स और ह्यूमनॉइड टेक्नोलॉजी के लिए एडवांस्ड कॉम्पोनेंट्स और असेंबलीज पर मिलकर काम करेंगी।
वहीं, चीन की JNT के साथ प्रस्तावित जॉइंट वेंचर को फिलहाल रोक दिया गया है। हालांकि, दोनों कंपनियां भविष्य में सीमित सहयोग के लिए तैयार हैं।
Sona BLW के मैनेजमेंट का बयान
Sona BLW के MD और Group CEO विवेक विक्रम सिंह ने कहा, ‘हमने Q2 FY26 में अब तक का सबसे ज्यादा रेवेन्यू, EBITDA और नेट प्रॉफिट हासिल किया है। हमारी कमाई साल-दर-साल 24% बढ़ी है, जिसका मुख्य कारण भारत में इलेक्ट्रिक व्हीकल ट्रैक्शन मोटर और रेलवे बिजनेस का विस्तार है।’
उन्होंने कहा कि रेयर-अर्थ मैग्नेट्स की कमी के कारण हमने नए मोटर डिजाइन अपनाए हैं। अब लाइट रेयर-अर्थ मैग्नेट मोटर्स खुद बना रहे हैं।
Sona BLW के शेयरों का हाल
Sona BLW ने मार्केट बंद होने के बाद तिमाही नतीजों का ऐलान किया। कंपनी का शेयर सोमवार को BSE पर 1.02% की बढ़त के साथ ₹483.65 पर बंद हुआ। पिछले 1 महीने में स्टॉक 19.42% चढ़ा है। हालांकि, 1 साल में इसने 30.01% का नेगेटिव रिटर्न दिया है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। हमारी तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।