Last Updated on October 14, 2025 21:03, PM by Pawan
Tech Mahindra Q2 results: आईटी कंपनी टेक महिंद्रा (Tech Mahindra) ने वित्त वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी के नेट प्रॉफिट में 4.5% की गिरावट दर्ज की, जो ₹1,195 करोड़ रहा।
टेक महिंद्रा का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 5.1% बढ़कर ₹13,995 करोड़ हो गया। यह बढ़त मुख्य रूप से बैंकिंग और मैन्युफैक्चरिंग वर्टिकल्स की मजबूती के कारण हुई। वहीं, अमेरिका के टैरिफ और वीजा नियमों में कड़ाई के चलते कुछ जोखिम भी थे। पिछली तिमाही की तुलना में नेट प्रॉफिट और रेवेन्यू क्रमशः 4.7% और 4.8% बढ़े हैं।
इंटरिम डिविडेंड की घोषणा
टेक महिंद्रा ने ₹15 प्रति शेयर का इंटरिम डिविडेंड घोषित किया है। इसकी रिकॉर्ड डेट 21 अक्टूबर तय की गई है। इसका मतलब है कि इस दिन तक टेक महिंद्रा के शेयरधारक रहने वाले निवेशक डिविडेंड के हकदार होंगे। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा, ‘इंटरिम डिविडेंड बुधवार, 12 नवंबर 2025 तक दिया जाएगा।’
नई डील और कर्मचारियों का हाल
टेक महिंद्रा ने EBIT ₹1,699 करोड़ दर्ज किया, जो सालाना आधार पर 33% बढ़ा है। तिमाही में नई डील की टोटल कॉन्ट्रैक्ट वैल्यू $816 मिलियन रही। 30 सितंबर तक कंपनी का कुल हेडकाउंट 1,52,714 रही, जो सालाना आधार पर 1,559 कम है।
मैनेजमेंट ने क्या कहा
CEO और MD Mohit Joshi ने कहा, ‘इस तिमाही में हमने व्यापक ग्रोथ दी, जो हमारी स्ट्रैटेजी और एक्जीक्यूशन की ताकत दिखाती है। हमने हमारी नेक्स्ट-जेन AI प्लेटफॉर्म TechM Orion और TechM Orion Marketplace लॉन्च किया। इससे एंटरप्राइज को ऑटोनॉमस ट्रांसफॉर्मेशन में मदद मिलेगी। इंडस्ट्री एनालिस्ट्स द्वारा हमारी पहचान हमारे नेतृत्व को और मजबूत करती है।’
टेक महिंद्रा के शेयरों का हाल
Tech Mahindra के शेयर नतीजों के ऐलान से पहले NSE पर 1.2% बढ़कर ₹1,469 प्रति शेयर पर बंद हुए। बीते 6 महीने में स्टॉक 12.84% का रिटर्न दिया है। हालांकि, 1 साल में स्टॉक 13.21% गिरा है। पिछले 5 साल में इसने 78.54% का रिटर्न दिया है। टेक महिंद्रा का मार्केट कैप 1.44 लाख करोड़ रुपये है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। हमारी तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।
