Last Updated on August 3, 2025 8:34, AM by
ABB India Q1 Results, Dividend: BSE 200 में शामिल टेक्नोलॉजी और ऑटोमेशन की दिग्गज कंपनी ABB इंडिया ने वीकेंड में वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही के दमदार नतीजे पेश किए हैं. 30 जून 2025 को खत्म हुई तिमाही में कंपनी को मुनाफे के मोर्चे पर झटका लगा है. हालांकि, रेवेन्यू में बढ़त बनाई है. मुनाफे में गिरावट के बावजूद कंपनी ने अपने निवेशकों के लिए 488.50 फीसदी अंतरिम डिविडेंड की सिफारिश की है. यहीं नहीं कंपनी के ऑर्डर बैकलॉग में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. शुक्रवार को कारोबारी सत्र के अंत में कंपनी का शेयर 2 फीसदी से ज्यादा की गिरावट के साथ बंद हुआ है.
9.77 रुपए अंतरिम डिविडेंड का ऐलान
ABB इंडिया की रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने अपने शेयर होल्डर्स को 2 रुपए की फेस वैल्यू वाले शेयर पर 9.77 रुपए प्रति शेयर अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है. इस अंतरिम डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट 8 अगस्त 2025 है. डिविडेंड का भुगतान 31 अगस्त 2025 या उससे पहले कर दिया जाएगा. पहली तिमाही में कंपनी का ऑर्डर बैकलॉग पहली बार 10 हजार करोड़ रुपए से पार पहुंचकर 10,064 करोड़ रुपए हो गया है.
20% टूटा कंपनी का मुनाफा, कामकाजी मुनाफे में भी गिरावट
ABB इंडिया द्वारा शेयर बाजार को दी जानकारी के मुताबिक वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी का कामकाज से रेवेन्यू 12 फीसदी की सालाना बढ़त के साथ 3175 करोड़ रुपए रहा है. पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में ये 2831 करोड़ रुपए था. जून तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 20 फीसदी की गिरावट के साथ 352 करोड़ रुपए रहा. पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में ये 443 करोड़ रुपए था. मुनाफे में गिरावट विदेशी मुद्रा में उतार-चढ़ाव और कुछ एकमुश्त लागत प्रावधानों के कारण आई. इसके अलावा कंपनी का कामकाजी मुनाफा पिछले साल की पहली तिमाही के 542 करोड़ रुपए से 24 फीसदी घटकर इस तिमाही में 414 करोड़ रुपए हुआ. वहीं, मार्जिन भी सालाना आधार पर 19.2 फीसदी से घटकर 13 फीसदी पर आ गया है.
एक नजर में तिमाही नतीजे
| विवरण | Q2 FY25 (करोड़ रु में) | Q2 FY24 (करोड़ रु में) | बदलाव (YoY) |
| रेवेन्यू फ्रॉम ऑपरेशन | 3,175 | 2,831 | 12% बढ़ा |
| EBITDA | 414 | 542 | 24% घटा |
| नेट प्रॉफिट (PAT) | 352 | 443 | 20% घटा |
| EBITDA मार्जिन | 13.00% | 19.20% | 6.2% घटा |
लाल निशान पर बंद हुआ शेयर
शुक्रवार को कारोबारी सत्र के दौरान BSE पर ABB इंडिया का शेयर 2.07% और 113.95 अंकों की गिरावट के साथ 5397.45 रुपए पर बंद हुआ. NSE पर 2.29% या 126 अंक कमजोर होकर 5,384 रुपए पर बंद हुआ. कंपनी का 52 वीक हाई 8,940.60 रुपए और 52 वीक लो 4,684.45 रुपए है. ABB इंडिया का शेयर इस साल अब तक 22.29 फीसदी तक टूट चुका है. पिछले छह महीने में 3.59% का रिटर्न दिया है. सालभर में शेयर 28.96% तक टूट चुका है.