Stocks to Watch: शुक्रवार, 18 जुलाई के ट्रेडिंग सेशन में निवेशकों की नजर कुछ खास शेयरों पर रहेगी। इन कंपनियों ने जून तिमाही (Q1FY26) के नतीजे जारी किए हैं। कई कंपनियों ने दमदार ग्रोथ दिखाई है, तो कुछ के मुनाफे में गिरावट दर्ज की गई है। इनमें IT, बैंकिंग, ऑटो, रियल एस्टेट और हॉस्पिटैलिटी जैसे सेक्टर्स की प्रमुख कंपनियां शामिल हैं। जानिए कौन-से 12 स्टॉक्स हैं, जहां निवेशकों को तगड़ी कमाई का मौका मिल सकता है।
Wipro
दिग्गज आईटी कंपनी विप्रो का वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही में कंसोलिडेटेड मुनाफा घटकर ₹3,330 करोड़ रहा, जबकि पिछली तिमाही में यह ₹3,570 करोड़ था। कंपनी की आय भी घटकर ₹22,080 करोड़ रह गई, जो जनवरी-मार्च तिमाही में ₹22,445 करोड़ थी। गुरुवार को शेयर 1.54% गिरकर ₹258.75 पर बंद हुआ।
Jio Financial
जियो फाइनेंशियल कंपनी का Q1FY26 मुनाफा 4% बढ़कर ₹325 करोड़ रहा, जो पिछले साल इसी तिमाही में ₹312.63 करोड़ था। इस दौरान कंपनी की आय 46.6% बढ़कर ₹612.46 करोड़ पहुंच गई। गुरुवार को शेयर 0.17% गिरकर ₹319 पर बंद हुआ।
LTIMindtree
जून 2025 तिमाही में कंपनी का मुनाफा 11.2% बढ़कर ₹1,254 करोड़ हो गया, जबकि पिछली तिमाही में यह ₹1,128.5 करोड़ था। आय मामूली 0.7% बढ़कर ₹9,840.6 करोड़ रही। कंपनी के शेयर गुरुवार को 2.97% गिरकर ₹5,169 पर बंद हुए।
360 One Wam
कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 16.8% बढ़कर ₹284.7 करोड़ रहा, जो एक साल पहले ₹243.7 करोड़ था। कंपनी की आय 7.3% बढ़कर ₹911.5 करोड़ रही। गुरुवार को शेयर 0.67% चढ़कर ₹1,205.60 पर बंद हुआ।
CEAT
टायर निर्माता सीएट का मुनाफा 27.7% घटकर ₹112 करोड़ रहा, जबकि एक साल पहले यह ₹154 करोड़ था। कंपनी की आय 10.5% बढ़कर ₹3,529 करोड़ पहुंच गई। शेयर गुरुवार को 0.18% गिरकर ₹3,869 पर बंद हुआ।
Clean Science
जून तिमाही में कंपनी का मुनाफा 6% बढ़कर ₹70 करोड़ हुआ, जो पिछले साल ₹66 करोड़ था। आय भी 8.4% बढ़कर ₹242.8 करोड़ हो गई। शेयर गुरुवार को 1.16% गिरकर ₹1,442.20 पर बंद हुआ।
Sterling & Wilson
कंपनी ने इस तिमाही में ₹38.7 करोड़ का मुनाफा दर्ज किया, जो पिछले साल ₹4.8 करोड़ था। आय 92.5% बढ़कर ₹1,761.6 करोड़ हो गई। कंपनी ने तगड़ी ग्रोथ दर्ज की है।
Indian Hotels
टाटा ग्रुप की होटल कंपनी का कंसोलिडेटेड मुनाफा ₹296 करोड़ रहा, जो एक साल पहले ₹248 करोड़ था। कंपनी की कंसोलिडेटेड आय ₹418 करोड़ से बढ़कर ₹612 करोड़ पहुंच गई। शेयर 0.52% चढ़कर ₹755.10 पर बंद हुआ।
Axis Bank
जून तिमाही में बैंक का नेट प्रॉफिट ₹5,806 करोड़ रहा, जो अनुमानित ₹6,217 करोड़ से कम है। पिछले साल की तिमाही में मुनाफा ₹6,035 करोड़ था। नेट इंटरेस्ट इनकम 0.8% बढ़कर ₹13,560 करोड़ रही। ग्रॉस NPA 1.57% और नेट NPA 0.45% रहा। शेयर 0.63% गिरकर ₹1,161 पर बंद हुआ।
Tata Communications
टाटा ग्रुप की टाटा कम्युनिकेशंस का नेट प्रॉफिट 42.9% घटकर ₹190 करोड़ रहा, जबकि आय 6.6% बढ़कर ₹5,690 करोड़ रही। शेयर गुरुवार को 0.31% बढ़कर ₹1,729.50 पर बंद हुआ।
Nuvoco Vistas
कंपनी का मुनाफा ₹133 करोड़ रहा, जो एक साल पहले ₹2.75 करोड़ था। कंपनी की आय 9% बढ़कर ₹2,872.7 करोड़ पर पहुंची।
Sunteck Realty
सनटेक रियल्टी का मुनाफा 46.75% बढ़कर ₹33.43 करोड़ रहा, जबकि एक साल पहले यह ₹22.78 करोड़ था। आय 40.5% बढ़कर ₹188.31 करोड़ रही।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।
