Last Updated on May 12, 2025 9:42, AM by
मुंबई2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर की घोषणा के बाद शेयर बाजार में आज बड़ी तेजी है। सेंसेक्स 1750 अंक (2.21%) चढ़कर 81,200 पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में करीब 550 अंक (2.24%) की तेजी है, ये 24,550 के स्तर पर है।
शेयर बाजार में तेजी के 4 कारण
- सीजफायर के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच टेंशन कम हुई है। इस मामले से जुड़े सभी डेवलपमेंट्स पर निवेशकों की नजर रहेगी।
- रिटेल महंगाई के अप्रैल महीने के आंकड़े 13 मई को जारी किए जाएंगे। अप्रैल में महंगाई कम होकर 3% से नीचे आने की संभावना है।
- MRF, PNB बैंक, हिंदुस्तान पेट्रोलियम, अडाणी पोर्ट्स और अडाणी एंटरप्राइजेज सहित कई कंपनियों के तिमाही नतीजे उम्मीद से बेहतर रहे।
- बीते हफ्ते विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने अपनी खरीदारी का सिलसिला जारी रखा और सैगमेंट में लगभग 5,087 करोड़ रुपए की खरीदारी की।
ग्लोबल मार्केट में मिला-जुला कारोबार
- एशियाई बाजारों में, जापान के निक्केई में मामूली तेजी है। ये 37,520 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। कोरिया का कोस्पी 0.41% ऊपर 2,588 पर है।
- हॉन्गकॉन्ग के हैंगसेंग इंडेक्स में 156 अंक (0.68%) की तेजी है, ये 23,024 पर कारोबार कर रहा है। वहीं, चीन का शंघाई कंपोजिट मामूली गिरावट के बाद 3,355 पर बंद हुआ।
- 9 मई को अमेरिका का डाउ जोन्स 119 अंक (0.29%) गिरकर 41,250 पर बंद हुआ। नैस्डेक कंपोजिट मामूली तेजी के साथ 17,929 पर बंद हुआ। S&P 500 इंडेक्स में भी मामूली गिरावट रही, ये 5,660 पर बंद हुआ।
विदेशी निवेशकों का बाजार पर भरोसा बरकरार
भारतीय बाजार में विदेशी निवेशकों (FII) की खरीदारी जारी है। 8 मई को विदेशी निवेशकों ने 2,007.96 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। जबकि घरेलू निवेशकों ने इस दौरान 596.25 करोड़ रुपए के शेयर्स बेचे।
अप्रैल महीने में विदेशी निवेशकों की नेट खरीदारी 2,735.02 करोड़ रुपए रही। घरेलू निवेशकों ने भी महीनेभर में 28,228.45 करोड़ रुपए की नेट खरीदारी की।
शुक्रवार को करीब 900 अंक गिरा था बाजार
पिछले हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार, 9 मई को शेयर बाजार में गिरावट रही। सेंसेक्स 880 अंक (1.10%) गिरकर 79,454 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 266 अंक (1.10%) की गिरावट रही, ये 24,008 के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 25 में गिरावट रही। ICICI बैंक 3.24% नीचे आ गया। पावर ग्रिड,अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस, रिलायंस सहित कुल 16 स्टॉक्स करीब 3% गिरकर बंद हुए। हालांकि, टाइटन, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा मोटर्स और SBI में 4.25% तक चढ़कर बंद हुए।
निफ्टी के 50 शेयरों में से 38 में गिरावट रही। रियल्टी सेक्टर में 2.38%, फाइनेंशियल सर्विसेज में 1.76%, प्राइवेट बैंक में 1.29% और ऑयल एंड गैस में 0.78% की गिरावट रही। जबकि, सरकारी बैंकिंग इंडेक्स 1.59% मीडिया 0.95% और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.92% ऊपर बंद हुए।
