Last Updated on January 16, 2025 10:37, AM by Pawan
नई दिल्ली: अडानी ग्रुप के शेयरों में आज शुरुआती कारोबार में तेजी आई है। अमेरिका की शॉर्ट सेलिंग फर्म हिंडनबर्ग रिसर्च के बंद होने की खबर से ग्रुप के शेयरों में तेजी है। हिंडनबर्ग रिसर्च ने जनवरी 2023 में अडानी ग्रुप के खिलाफ एक रिपोर्ट जारी की थी। इसमें ग्रुप पर शेयरों की कीमत में छेड़छाड़ और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए गए थे। अडानी ग्रुप ने इन आरोपों का खंडन किया था लेकिन इसके कारण ग्रुप के शेयरों में काफी गिरावट आई थी। ग्रुप का 150 अरब डॉलर मार्केट कैप स्वाहा हो गया था। हालांकि उसके बाद से काफी हद तक अडानी ग्रुप के शेयरों ने इस नुकसान की भरपाई कर ली है।अडानी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज में शुरुआती कारोबार में 5 फीसदी से अधिक तेजी आई और यह 2569.85 रुपये पर पहुंच गया। अडानी ग्रीन एनर्जी, अडानी पावर, अडानी पोर्ट्स और अडानी टोटल गैस के शेयरों में 5 फीसदी से अधिक तेजी आई। ग्रुप की सीमेंट कंपनियों एसीसी और अंबूजा में चार फीसदी से अधिक तेजी रही जबकि अडानी एनर्जी सॉल्यूशन में तीन फीसदी से अधिक तेजी आई। अडानी विल्मर का शेयर शुरुआती कारोबार में मामूली तेजी के साथ ट्रेड कर रहा था। इस तरह अडानी ग्रुप की सभी 10 लिस्टेड कंपनियों के शेयरों में तेजी आई है।
अडानी की नेटवर्थ
इस बीच अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी की नेटवर्थ में बुधवार को भी तेजी रही। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के मुताबिक मंगलवार को उनकी नेटवर्थ में 7.47 अरब डॉलर की तेजी आई थी जबकि बुधवार को इसमें 1.30 अरब डॉलर का इजाफा हुआ। इसके साथ ही उनकी नेटवर्थ 74.8 अरब डॉलर पहुंच गई। वैसे इस साल उनकी नेटवर्थ में 3.94 अरब डॉलर की गिरावट आई है। अडानी एशियाई रईसों की लिस्ट में मुकेश अंबानी के बाद दूसरे और दुनिया में 20वें नंबर पर हैं।
