Last Updated on November 15, 2024 9:57, AM by
Lamosaic India IPO: लैमोसेक इंडिया का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) अगले हफ्ते 21 नवंबर से बोली के लिए खुलेगा। कंपनी ने अपने IPO के लिए प्राइस बैंड का भी ऐलान कर दिया है। लैमोसेक इंडिया ने अपने शेयरों के लिए 200 रुपये प्रति शेयर का फिक्स भाव रखा है। यह अगले हफ्ते खुलने वाला SME सेगमेंट का दूसरा आईपीओ होगा। इससे पहले C2C एडवांस्ड सिस्टम्स का आईपीओ बोली के लिए खुलेगा।
लैमोसेक इंडिया अपने आईपीओ के जरिए करीब 30.6 लाख शेयरों को बिक्री के लिए रखेगी। यह पूरी तरह से फ्रेश शेयर होंगे यानी इससे मिलने वाली पूरी राशि कंपनी के खाते में जाएगी। कंपनी ने बताया कि उसकी योजना इससे करीब 61.2 करोड़ रुपये जुटाने की है।
IPO डॉक्यूमेंट्स के मुताबिक, लैमोसेक इंडिया इस इश्यू से जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल अपने कुछ कर्ज को चुकाने, वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने, इनऑर्गेनिक ग्रोथ के मौकों की तलाश और दूसरे सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी।
लैमोसेक इंडिया का IPO 21 से 26 नवंबर तक बोली के लिए खुला रहेगा। वहीं ‘NSE इमर्ज’ प्लेटफॉर्म पर इसकी लिस्टिंग 29 नवंबर को हो सकती है। ग्रे मार्केट में फिलहाल इस शेयर का प्रीमियम जीरो रूपये है।
IPO में बोली लगाने के लिए न्यूनतम लॉट साइज 600 शेयरों का है। रिटेल निवेशकों को एक लॉट की बोली लगाने के लिए न्यूनतम 1,20,000 रुपये निवेश करने होंगे। वहीं HNI के लिए न्यूनतम लॉट साइज निवेश 2 लॉट (1,200 शेयर) है, जिसकी राशि 2,40,000 रुपये है।
मुंबई मुख्यालय वाली यह कंपनी फ्लश डोर, डेकोरेटिव लेमिनेट, ऐक्रेलिक शीट, प्रिंटिंग पेपर (बेस) और प्लाईवुड जैसे उत्पादों का व्यापार करती है। सितंबर 2023 में इसने मुंबई में एक वर्कशॉप लगाकर मैन्युफैक्चरिंग करना भी शुरू किया। यह ब्रांड नाम – लैमोसेक के तहत B2B ग्राहकों को अपने प्रोडक्ट बेचती है।
 
													
																							 
						 
													 
						 
													 
						 
													 
						 
													 
						 
													 
						 
													 
						 
													 
						 
													 
						 
													 
						 
													 
						 
													 
						 
													 
						 
													 
						 
													 
						